राजनीति

छत्तीसगढ़ भाजपा के सांसद-विधायकों की मांग पंजाब में, सौदान सिंह ने भेजा बुलावा, महिला मोर्चा की 40 महिलाएं पीएम मोदी के क्षेत्र में संभालेंगी मोर्चा

रायपुर। भाजपा ने पांच राज्यों में चल रहे चुनाव के लिए सांसद-विधायकों के साथ संगठन के नेताओं की ड्यूटी लगाई है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह ने सभी सांसद-विधायकों को पंजाब बुलाया है। प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय भी पंजाब रवाना हुए हैं। वे जरूरत के मुताबिक पदाधिकारियों को बुलाएंगे। महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत के साथ 40 पदाधिकारी 2 फरवरी को काशी के लिए रवाना होंगी।

पांच राज्यों के चुनाव में भागीदारी के लिए भाजपा नेताओं की लिस्ट तैयार की गई है। केंद्रीय कार्यालय से जरूरत के मुताबिक यहां से अलग-अलग टीमें भेजी जाएंगी। लंबे समय तक छत्तीसगढ़ संगठन के प्रभारी रहे सौदान सिंह फिलहाल पंजाब में डटे हुए हैं। उन्होंने यहां से सांसद-विधायकों को बुलाया है। राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय हफ्तेभर से आनंदपुर साहिब सीट पर चुनाव प्रचार में लगे हैं। रायपुर सांसद सुनील सोनी, दुर्ग सांसद विजय बघेल, बिलासपुर से अरुण साव लोकसभा में कार्यक्रमों के आधार पर जाएंगे। महिला मोर्चा की मीडिया प्रभारी किरण बघेल के मुताबिक मोर्चा की सभी प्रदेश पदाधिकारी व जिलाध्यक्ष 2 फरवरी को काशी रवाना होंगी। यूपी में पहले ही राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय और पूजा विधानी हैं। वहीं, आईटी सेल के संयोजक दीपक म्हस्के को गोवा राज्य के चुनाव में आईटी व सोशल मीडिया की जिम्मेदारी दी गई है। मीडिया विभाग के प्रभारी नलिनीश ठोकने और युवा मोर्चा के मीडिया प्रभारी भी यूपी जाएंगे।

छत्तीसगढ़ के बड़े नेता जाएंगे यूपी

छत्तीसगढ़ भाजपा के बड़े नेताओं की ड्यूटी यूपी में लगाई जाएगी। सीएम भूपेश बघेल यूपी में सीनियर ऑब्जर्वर हैं, इसलिए भी यहां के नेता व कार्यकर्ताओं की खासतौर पर ड्यूटी लगाई जाएगी। पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय और नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक को भी भेजा जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button